कलेक्टर का सख्त एक्शन मोड
औचक निरीक्षण से मचा प्रशासन में हड़कंप, 25 अफसर-कर्मचारियों पर गिरी गाज, वेतन कटौती के निर्देश
मुंगेली।
प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही को लेकर कलेक्टर कुन्दन कुमार आज पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। जिला कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ कर दिया कि लापरवाही, लेटलतीफी और उदासीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने नजूल शाखा, भू-अभिलेख, शिक्षा विभाग, डीएमएफ, डिजिटल अभिलेखागार, खेल विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहकारिता, आदिवासी विकास, अंत्यावसायी, समाज कल्याण, शिकायत शाखा, स्थापना शाखा, अधीक्षक कक्ष, आबकारी विभाग सहित कई कार्यालयों का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 25 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
नोटिस की कार्रवाई समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी, अंत्यावसायी विभाग के कार्यपालन अधिकारी देवेन्द्र जांगड़े, जिला उद्योग विभाग के महाप्रबंधक किशोर राजपूत, सहायक प्रबंधक उत्तम दुबे, भू-अभिलेख शाखा की अधीक्षक रिचा गुप्ता, सहायक अधीक्षक भूमिका तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सहायक ग्रेड-02 व 03, स्टेनोटायपिस्ट और डाटा एंट्री ऑपरेटर पर की गई है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने दो टूक कहा कि आम जनता की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें बाधा बनने वाली किसी भी लापरवाही पर कठोर कार्रवाई तय है। भविष्य में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




Post a Comment
0 Comments