Type Here to Get Search Results !

बिलासपुर में जमीन घोटाला: एफएम ग्रुप पर 13 लाख से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप

बिलासपुर में जमीन घोटाला: एफएम ग्रुप पर 13 लाख से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप

सरकारी क्लर्क को थमाया गया फर्जी चेक, सकरी थाने में शिकायत दर्ज

बिलासपुर | 07 फरवरी 2026

बिलासपुर में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एफएम ग्रुप के डायरेक्टर पर कलेक्ट्रेट में पदस्थ एक क्लर्क से करीब 13 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने सकरी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

क्लर्क से पैसे लेकर नहीं कराई जमीन की रजिस्ट्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उस्लापुर स्थित सांई नगर निवासी रविकांत शर्मा, जो कलेक्टर कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, ने सकरी क्षेत्र के अमेरी पटवारी हल्का क्षेत्र में एक जमीन देखी थी। जमीन को एफएम ग्रुप के नाम पर रजिस्टर्ड बताया गया और इसके संचालक के रूप में मुर्तजा हुसैन का नाम सामने आया।

940 वर्गफुट जमीन के लिए हुआ एग्रीमेंट

रविकांत शर्मा ने अपनी पत्नी सरस्वती शर्मा के नाम पर 940 वर्गफुट जमीन खरीदने के लिए शोहेल मुर्तजा के साथ एग्रीमेंट किया। सौदे की कुल कीमत 16 लाख 25 हजार रुपए तय की गई।

शिकायत के अनुसार,

18 अक्टूबर 2023 को 50 हजार रुपए नगद दिए गए

इसके बाद नगद और चेक के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में 13 लाख 50 हजार रुपए का भुगतान किया गया

शेष 2 लाख 75 हजार रुपए जमीन की रजिस्ट्री के समय दिसंबर 2023 तक देने की बात तय हुई थी

इस एग्रीमेंट में वसामा आसमी, नंदन साहू और मोहम्मद अनीस कादरी भी सहभागी बताए गए हैं।

न रजिस्ट्री हुई, न पैसा लौटा

रविकांत शर्मा का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए। बार-बार संपर्क करने पर आरोपियों ने टालमटोल की और अंततः एग्रीमेंट को कैंसिल कर दिया।

फर्जी चेक देकर बढ़ाई परेशानी

शिकायत में बताया गया कि एग्रीमेंट कैंसिल होने के बाद पैसे लौटाने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपए का चेक दिया गया, जबकि शेष 8 लाख 50 हजार रुपए जल्द लौटाने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन दिया गया चेक बैंक में बाउंस हो गया, जो फर्जी निकला।

इसके बाद हर महीने एक लाख रुपए लौटाने का वादा भी किया गया, लेकिन वह भी पूरा नहीं हुआ।

सकरी थाने में शिकायत दर्ज

लगातार परेशान होने के बाद आखिरकार पीड़ित रविकांत शर्मा ने सकरी थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad