Type Here to Get Search Results !

दर्दनाक सड़क हादसा या राज कुछ और? घायल अयान खान के मिले परिजन, पुलिस जांच जारी

दर्दनाक सड़क हादसा या राज कुछ और? घायल अयान खान के मिले परिजन, पुलिस जांच जारी



POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤 

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर–बिलासपुर मार्ग स्थित गुड़ाखू फैक्ट्री के पास घायल अवस्था में मिले बच्चे अयान खान के परिजनों का पता चल गया है। रामनवमी के पावन दिन सोशल मीडिया के माध्यम से परिजन अपने बच्चे तक पहुंच सके। अस्पताल प्रबंधन की त्वरित चिकित्सा से बच्चे की जान बच गई, जबकि पुलिस अब पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयान खान की माता ने बताया कि वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर जाने वाला था। घटना वाली रात वह घर पर ही सोया था, लेकिन सुबह जब परिवार की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं मिला। प्रारंभ में परिवार को लगा कि अयान मॉर्निंग वॉक पर गया है, लेकिन काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर आसपास तलाश शुरू की गई। इसी दौरान सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि एक घायल बच्चा अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद परिजन तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां अयान का उपचार चल रहा था। बच्चे के पैर, आंख के नीचे और होंठ पर गंभीर चोटें आई थीं।

अयान के पिता हसन खान ने बताया कि उनके बेटे के साथ जो भी घटना हुई है, उसके जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही मीडिया टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।

इस मामले में दो साहसी सगे भाई सत्यप्रकाश श्रीवास और गोकुल श्रीवास सामने आए, जिन्होंने घायल बच्चे को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। सत्यप्रकाश ने बताया कि वह अपने भाई के साथ रतनपुर में मां महामाया के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सुबह लगभग 5:45 से 6:15 बजे के बीच गुड़ाखू फैक्ट्री के पास उन्होंने देखा कि कुछ लोग इकट्ठा हैं और उन्हें हाथ देकर रोका गया। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है और काफी खून बह रहा है।

भीड़ में मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों से बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की गुजारिश की। इसके बाद दोनों भाइयों ने बिना देर किए बच्चे को उठाकर सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के मुख्य द्वार पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने व्हीलचेयर की व्यवस्था की और बच्चे को तत्काल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। सत्यप्रकाश ने अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर अस्पताल स्टाफ को सौंप दिया।

दोनों भाई कुछ समय तक उन लोगों का इंतजार करते रहे, जिन्होंने बच्चे को अस्पताल ले जाने के लिए कहा था, लेकिन कोई नहीं आया। इसके बाद वे घर लौट गए। अगले दिन मीडिया के माध्यम से जब उन्हें पता चला कि बच्चा अभी भी अज्ञात है, तब वे पुनः अस्पताल पहुंचे, जहां बच्चे के परिजन मिल चुके थे। परिजनों ने दोनों भाइयों का आभार व्यक्त किया।

इधर, इस पूरे मामले में कोनी थाना प्रभारी भावेश सेंडे ने बताया कि सिम्स अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला मात्र सड़क दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। 

Post a Comment

0 Comments

POWER NEWS 24 BHARAT™

“आपकी आवाज़, आपकी खबर — हर सच के साथ”


समाचार एवं विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें

📲 WhatsApp: 7739000835
Call: 9953763334 | +91 97526 08004
Email: powernews24.live@gmail.com


🏢 प्रधान कार्यालय:
पुराना बस स्टैंड, बिलासपुर (छ.ग.)
पिन – 495112

📰 🎥 📡 📢