बिलासपुर पुलिस की बीट प्रणाली मजबूत, सकरी थाना बना मॉडल — थाना प्रभारी विजय चौधरी के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर, दिनांक 17 अप्रैल 2026। जिले में अपराध नियंत्रण एवं पुलिस की जमीनी उपस्थिति को सशक्त करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा बीट प्रणाली को मजबूत करने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, बीट प्रभारी और कर्मचारी शामिल हुए। लगभग 60 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में बीट प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन, उसके उद्देश्य, महत्व और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान सकरी थाना को विशेष प्राथमिकता के साथ एक मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया गया, जहां थाना प्रभारी विजय चौधरी के नेतृत्व में बीट पुलिसिंग को प्रभावी तरीके से लागू कर उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए गए हैं। सकरी थाना क्षेत्र में बीट आरक्षकों द्वारा निरंतर क्षेत्र भ्रमण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, आमजन से संवाद और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय जनसंपर्क के माध्यम से पुलिस की विश्वसनीयता और उपस्थिति को मजबूत किया गया है।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि बीट अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में आपराधिक, सामाजिक, साम्प्रदायिक, राजनीतिक, छात्र एवं श्रमिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा क्षेत्र में आने वाले नए व्यक्तियों पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही पुलिस रेगुलेशन के अनुसार कार्यप्रणाली अपनाने, गांवों में समय-समय पर शिविर आयोजित कर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने, साइबर फ्रॉड एवं नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, लंबित समंस एवं वारंट की तामील, स्थायी वारंटियों की तलाश, अवैध शराब बिक्री पर त्वरित कार्रवाई तथा निगरानीशुदा बदमाशों की नियमित जांच जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया।
सकरी थाना से उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक मनोज बघेल को ₹2000 तथा आरक्षक पवन बंजारे को ₹500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त सकरी थाना सहित जिले के अन्य बीट आरक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई और सराहना की गई।
उल्लेखनीय उपलब्धियों में हत्या, धोखाधड़ी (धारा 420) एवं अपहरण जैसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों की समयसीमा में विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करना, दुष्कर्म के चर्चित प्रकरण में इनामी आरोपी की गिरफ्तारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत 40 किलोग्राम गांजा जब्ती, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तथा आर्म्स एक्ट के मामलों में कार्रवाई शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीट प्रणाली के माध्यम से जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत किया जा रहा है, जिससे अपराधों की रोकथाम, खुफिया सूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई में मदद मिल रही है। सकरी थाना द्वारा किए जा रहे कार्यों को इस दिशा में एक सफल उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।




Post a Comment
0 Comments