Type Here to Get Search Results !

प्रशासन का चला बुलडोजर मुंगेली में अतिक्रमण पर हुई सख्त कार्रवाई

प्रशासन का चला बुलडोजर मुंगेली में अतिक्रमण पर हुई सख्त कार्रवाई

POWER NEWS 24 BHARAT 


दाऊपारा से कलेक्टर निवास तक सड़क चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण से बदलेगी शहर की तस्वीर


मुंगेली:21 मई 2026

नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए कलेक्टर  कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार बड़ा कदम उठाया गया है। इसी कड़ी में आज सुबह मुंगेली के व्यस्ततम बिलासपुर मुख्य मार्ग पर दाऊपारा से लेकर कलेक्टर निवास एवं नगर पालिका सीमा तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए व्यापक संयुक्त कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस पहल से शहर को व्यवस्थित, सुंदर और सुगम यातायात उपलब्ध होगा। मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज ने बताया कि राजस्व एवं नजूल विभाग द्वारा सीमांकन कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया था। कार्रवाई से पहले नगर पालिका और राजस्व विभाग द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए दुकानदारों एवं व्यापारियों को मुनादी कराकर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी। प्रशासन की समझाइश का सकारात्मक असर देखने को मिला और कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने शेड, काउंटर एवं सड़क-नाली पर किए गए अतिरिक्त कब्जे हटा लिए। इसके बाद शेष अतिक्रमणों को प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया। 

    इस संयुक्त अभियान में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग, नजूल विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम सुबह से ही सक्रिय रही। सड़क किनारे फैले अवैध टीन शेड, चबूतरे और मलबे को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया। नगर पालिका के सीएमओ श्री होरी सिंह ठाकुर ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौंदर्यीकरण को सुनिश्चित करना भी है। प्रशासन द्वारा दाऊपारा से कलेक्टर निवास तक मुख्य सड़क के दोनों ओर आधुनिक एवं सुव्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं सुबह-शाम सैर करने वाले नागरिकों को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। फुटपाथ निर्माण के बाद राहगीरों को सड़क दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिलेगी और यातायात भी अधिक सुचारू हो सकेगा। उन्होंने व्यापारियों एवं नागरिकों को नालियों और फुटपाथों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की समझाइश दी है। इस दौरान तहसीलदार श्री कुनाल पाण्डेय सहित राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad