बिलासपुर में अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ा एक्शन, 40 कबाड़ गोदाम सील… क्या अब बदलेगा शहर का हाल?
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर में लगातार बढ़ रहे चोरी, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के बीच अब पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में चलाए गए विशेष जांच अभियान में अवैध कबाड़ियों पर कड़ा प्रहार करते हुए 49 कबाड़ कारोबारियों की जांच की गई, जिनमें से 40 कबाड़ गोदामों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में यह अभियान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाया गया। जांच के दौरान कई कबाड़ कारोबारियों द्वारा वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते तत्काल प्रभाव से उनके गोदाम सील कर दिए गए। पुलिस अब दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसी अभियान के दौरान थाना मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरी एक संदिग्ध वाहन को भी जब्त किया गया। साथ ही 18 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि अवैध कबाड़ कारोबार कई बार चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और संगठित अपराध से भी जुड़ा होता है, इसलिए इस नेटवर्क को तोड़ना बेहद जरूरी है। अब शहर में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या यह कार्रवाई केवल कुछ दिनों की औपचारिकता बनकर रह जाएगी या फिर लगातार ऐसे अभियान चलाकर अवैध कबाड़ कारोबारियों की कमर तोड़ी जाएगी? बिलासपुर में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से आम लोगों में उम्मीद जगी है कि शायद अब शहर में चोरी और अवैध कारोबार पर लगाम लग सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस इसी तरह लगातार अभियान चलाती रही तो शहर में अपराधियों के हौसले कमजोर होंगे और अवैध कारोबार पर बड़ा असर पड़ेगा। फिलहाल बिलासपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना वैधानिक दस्तावेज के कारोबार करने वालों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अब देखना होगा कि यह अभियान आने वाले दिनों में कितना असर दिखाता है और क्या सच में बिलासपुर शहर अपराध और अवैध कारोबार से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ पाएगा।


Post a Comment
0 Comments