कभी लाल बत्ती वाली गाड़ी के पीछे दौड़ाई साइकिल… आज बिलासपुर की कानून व्यवस्था संभाल रहे हैं एसएसपी रजनेश सिंह
Dulal Mukherjee | 02 जुलाई 2026
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। बचपन में लाल बत्ती वाली पुलिस की गाड़ी देखकर उसके पीछे साइकिल दौड़ाने वाला एक साधारण बालक आज बिलासपुर जिले की कानून व्यवस्था की कमान संभाल रहा है। बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने अपने संघर्ष, पुलिस सेवा के अनुभव और भविष्य की कार्ययोजना को प्रेस क्लब बिलासपुर के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम "हमर पहुना" में साझा किया।
प्रेस क्लब पहुंचने पर अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं पदाधिकारियों ने एसएसपी रजनेश सिंह का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने पत्रकारों के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया और पुलिसिंग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी।
बचपन का सपना बना हकीकत
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बचपन में जब भी पुलिस की लाल बत्ती वाली गाड़ी निकलती थी, वह उत्साह में उसके पीछे साइकिल दौड़ाया करते थे। एसपी कार्यालय और पुलिस अधिकारियों को देखकर उनके मन में पुलिस सेवा में आने का सपना जगा। कठिन मेहनत और निरंतर प्रयास के बाद उन्होंने अपने इस सपने को साकार किया।
22 अपराधियों को दिलाई उम्रकैद
उन्होंने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने गंभीर अपराधों में प्रभावी अनुसंधान और मजबूत पैरवी के जरिए 22 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सफलता प्राप्त की है। उनका कहना था कि अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ अदालत में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
9.5 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त
एसएसपी ने जानकारी दी कि अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों की करीब 9.5 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ना अपराध नियंत्रण की प्रभावी रणनीति है।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
रजनेश सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम बिलासपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
नशे और साइबर अपराध के खिलाफ सख्त अभियान
उन्होंने बताया कि जिले में नशे के कारोबार और साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने और साइबर ठगी से बचाने के लिए स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
जनता की भागीदारी से सुरक्षित समाज
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि "अपराधियों पर सख्ती, जनता से साझेदारी और युवाओं की सकारात्मक शक्ति ही सुरक्षित समाज की पहचान है।" उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हमारे इंस्टाग्राम पेज पर पूरा वीडियो देखने के लिए क्लिक करे
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने एसएसपी रजनेश सिंह का आभार व्यक्त किया। संवाद के दौरान पुलिसिंग, कानून व्यवस्था, स्मार्ट पुलिसिंग, पुलिस परिवार के कल्याण और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
POWER NEWS 24 BHARAT
सच की ताकत, हर खबर पर नज़र।





Post a Comment
0 Comments