ब्रेकिंग न्यूज़

बिलासपुर में इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर IT की दबिश, 6 गाड़ियों में पहुंची 15 से अधिक अधिकारियों की टीम; कई फर्मों में एक साथ जांच

DULAL MUKHERJEE
By -

बिलासपुर में इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर IT की दबिश, 6 गाड़ियों में पहुंची 15 से अधिक अधिकारियों की टीम; कई फर्मों में एक साथ जांच


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग (IT) ने अलग-अलग जिलों में कार्रवाई शुरू की है। इसी कड़ी में बिलासपुर के बड़े इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के कई ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी है। मंगलवार को सुबह से ही कारोबारी के आवास और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अधिकारियों की टीम पहुंचकर जांच कर रही है। इस कार्रवाई से शहर के व्यापारिक क्षेत्र में हलचल मच गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास 'प्रकाश कुंज' के साथ व्यापार विहार स्थित उनकी विभिन्न फर्मों में पहुंची है। इनमें मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट और हनुमान हार्डवेयर शामिल हैं। सभी ठिकानों पर एक साथ जांच की जा रही है, ताकि कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा सके।

6 गाड़ियों में पहुंची IT की टीम, 15 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल

कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम करीब 6 गाड़ियों में अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में 15 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। टीम ने कारोबारी के आवास और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू की है। अधिकारियों द्वारा संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

संभाग के बड़े इस्पात कारोबारियों में होती है गिनती

बताया जा रहा है कि जयप्रकाश मित्तल बिलासपुर संभाग के बड़े इस्पात कारोबारियों में शामिल हैं। शहर में उनकी अलग-अलग फर्मों के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियां संचालित होती हैं। इसके अलावा मोहदा में उनकी एक बड़ी फैक्ट्री भी बताई जा रही है। कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ आयकर विभाग की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

टैक्स चोरी से लेकर बेनामी संपत्ति तक की आशंका

सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि कारोबारी और उनसे जुड़ी फर्मों के संबंध में आयकर विभाग को वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इनपुट मिले हैं। इनमें कथित टैक्स चोरी, अघोषित नकदी, बेनामी संपत्ति, फर्जी बिलिंग, बोगस कंपनियों के जरिए लेनदेन और कच्ची पर्चियों पर कारोबार किए जाने जैसी आशंकाएं शामिल हैं।

इसके अलावा बैंक खातों में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, इन आरोपों और आशंकाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दस्तावेजों और डिजिटल डाटा की जांच में जुटी टीमें

फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी कारोबारी से पूछताछ करने के साथ ही संबंधित फर्मों के दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा की जांच में जुटे हुए हैं। टीम का फोकस कारोबार से जुड़े लेनदेन, खातों और उपलब्ध रिकॉर्ड का मिलान करने पर बताया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों की ओर से अब तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आयकर विभाग को किन-किन दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से संबंधित तथ्य मिले हैं।

फिलहाल बिलासपुर में जयप्रकाश मित्तल के आवास और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे होने वाले खुलासों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

POWER NEWS 24 BHARAT | बिलासपुर