भारत में पहली बार स्टील प्लांट की वेस्ट गैस से बनेगी हाइड्रोजन, टाटा स्टील ने अमेरिकी कंपनी से मिलाया हाथ
ओडिशा के कलिंगनगर प्लांट में स्थापित होगी 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाली परियोजना, एच-2जेन तकनीक से होगा हाइड्रोजन उत्पादन; कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में बड़ी पहल
जमशेदपुर। स्टील उत्पादन के दौरान निकलने वाली वेस्ट गैस अब हाइड्रोजन बनाने के काम आएगी। इस दिशा में टाटा स्टील ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां ओडिशा के कलिंगनगर स्थित टाटा स्टील प्लांट में भारत की पहली ऐसी परियोजना विकसित करने की तैयारी कर रही हैं, जहां स्टील प्लांट से निकलने वाली गैसों का उपयोग कर उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा।
प्रस्तावित परियोजना की उत्पादन क्षमता 10 टन प्रतिदिन (टीपीडी) होगी। इसमें यूटिलिटी ग्लोबल की स्वामित्व वाली एच-2जेन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तकनीक के माध्यम से स्टील उत्पादन के दौरान निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) युक्त गैसों से हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा।
पहले होगा तकनीकी अध्ययन, फिर निवेश पर फैसला
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए फिलहाल दोनों कंपनियां फ्रंट-एंड इंजीनियरिंग एंड डिजाइन (FEED) अध्ययन करेंगी। इस अध्ययन में परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, इंजीनियरिंग और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद टाटा स्टील का बोर्ड अंतिम निवेश निर्णय (FID) लेगा। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद संयंत्र की स्थापना और परिचालन की प्रक्रिया शुरू होगी।
साझेदारी के हस्ताक्षर के दौरान टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन, वाइस प्रेसिडेंट सुबोध पांडेय, प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव ऑफिसर देवाशीष चौधरी तथा यूटिलिटी ग्लोबल के सीईओ पार्कर मीक्स सहित दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्बन उत्सर्जन घटाने में कारगर होगी तकनीक
यूटिलिटी ग्लोबल की एच-2जेन तकनीक इलेक्ट्रो-केमिकल प्रक्रिया पर आधारित है। इसके जरिए स्टील प्लांट से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड युक्त गैसों का उपयोग करके उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाता है। खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में मौजूदा औद्योगिक बुनियादी ढांचे का उपयोग किया जा सकता है।
कंपनी कनाडा में एक स्टील उत्पादक के ब्लास्ट फर्नेस प्लांट में वास्तविक ब्लास्ट फर्नेस गैस का इस्तेमाल कर इस तकनीक का प्रदर्शन भी कर चुकी है।
टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (टेक्नोलॉजी, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, न्यू मैटेरियल्स बिजनेस एंड ग्राफीन) सुबोध पांडेय के अनुसार, स्टील उद्योग में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए ऐसी तकनीकों की जरूरत है, जो बड़े पैमाने पर और मौजूदा औद्योगिक परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से काम कर सकें।
उन्होंने कहा कि एच-2जेन जैसी तकनीक मौजूदा बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल करते हुए उत्सर्जन में कमी लाने का अवसर देती है। यूटिलिटी ग्लोबल के साथ यह साझेदारी टाटा स्टील के परिचालन को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
2045 तक नेट जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य
टाटा स्टील ने वर्ष 2045 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए कंपनी लगातार कम कार्बन वाली स्टील उत्पादन तकनीकों पर काम कर रही है।
इससे पहले कंपनी अपने ब्लास्ट फर्नेस में कोल बेड मीथेन, हाइड्रोजन और बायोचार इंजेक्शन के परीक्षण कर चुकी है। वर्ष 2021 में जमशेदपुर प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस गैस से कार्बन डाइऑक्साइड अलग करने वाला भारत का पहला संयंत्र भी शुरू किया गया था।
वहीं, इसी वर्ष सितंबर में मेरामंडली प्लांट में कोक ओवन गैस इंजेक्शन परियोजना चालू की गई। अब कलिंगनगर प्लांट में वेस्ट गैस से हाइड्रोजन उत्पादन की यह पहल कंपनी की हरित इस्पात उत्पादन रणनीति को आगे बढ़ाने वाला एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस परियोजना के सफलतापूर्वक स्थापित होने पर स्टील उत्पादन के दौरान निकलने वाली गैसों का बेहतर उपयोग संभव होगा और औद्योगिक प्रक्रियाओं में कम कार्बन वाले विकल्पों को बढ़ावा मिलेगा।

