ब्रेकिंग न्यूज़

डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST अधिकारी गिरफ्तार, छापा पड़ते ही नाली में फेंके नोटों के बंडल

DULAL MUKHERJEE
By -

डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST अधिकारी गिरफ्तार, छापा पड़ते ही नाली में फेंके नोटों के बंडल


गाड़ी छोड़ने के एवज में कारोबारी से मांगी थी रिश्वत; ACB ने अधिकारी अंचला गिरी और मध्यस्थ इमरान मेमन को पकड़ा

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। छापे की भनक लगते ही रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी गई, लेकिन टीम ने नोटों के बंडल बरामद कर लिए।

बिल होने के बावजूद रोकी गई गाड़ी, 10 लाख की पेनाल्टी का आरोप

शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के अनुसार, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से भरी गाड़ी को रोक लिया गया था। कारोबारी का कहना है कि वाहन में माल का बिल होने के बावजूद कार्रवाई की धमकी दी गई। गाड़ी में लोड माल की कीमत करीब 3 लाख रुपये थी, जबकि कथित तौर पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही गई।

कारोबारी ने आरोप लगाया कि गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई का भय दिखाकर मामले को सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपये मांगे गए, बाद में डेढ़ लाख रुपये में बात तय हुई। इसमें 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में काटने और शेष राशि घर पहुंचकर देने की बात कही गई।

ACB की टीम ने घर पर मारा छापा

कारोबारी ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद शनिवार को जगदलपुर ACB की टीम ने GST अधिकारी अंचला गिरी के घर पर छापा मारा। कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर पहले ही वहां पहुंच चुका था।

कार्रवाई की भनक लगते ही कथित मध्यस्थ इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। ACB टीम ने घर के बाहर नाली से नोटों के बंडल बरामद किए। इसके बाद अधिकारी अंचला गिरी और इमरान मेमन को गिरफ्तार कर लिया गया।

रिश्वत दिलाने में मध्यस्थ की भूमिका भी सामने आई

ACB के अनुसार, रिश्वत की रकम कारोबारी से लेकर GST अधिकारी तक पहुंचाने में इमरान मेमन की भूमिका सामने आई है। इमरान मेमन (30 वर्ष), कांकेर के संजयनगर का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ACB अधिकारी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था और उसने यह रकम GST अधिकारी अंचला गिरी को दी थी। मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।