ADD US AS A PREFERRED SOURCE
Follow Us On Google Join my WhatsApp group

हाईकोर्ट के आदेशों की खुलेआम अवहेलना, नेशनल हाइवे पर बीएमओ का बर्थडे सेलिब्रेशन वीडियो हुआ वायरल..

हाईकोर्ट के आदेशों की खुलेआम अवहेलना, नेशनल हाइवे पर बीएमओ का बर्थडे सेलिब्रेशन वीडियो हुआ वायरल..


बिलासपुर। सड़क पर स्टंट और बर्थडे पार्टी को लेकर पुलिस की सख्ती और कोर्ट के कड़े रुख के बावजूद इस तरह के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने दोस्तों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार के बोनट पर केक काटते और आतिशबाजी करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि काली रंग की कार के बोनट पर केक रखकर मोमबत्तियाँ जलाकर ‘हैप्पी बर्थडे’ गीत गाया जा रहा है। डॉक्टर साहब और उनके साथी सड़क पर जमकर जश्न मनाते, एक-दूसरे को केक खिलाते और आतिशबाजी करते नजर आ रहे हैं। यह पूरा नजारा किसी क्लब या निजी स्थल का नहीं, बल्कि नेशनल हाइवे 43 के गेज नदी पुल के पास का बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार यह वीडियो 28 नवंबर की रात का है, जिसे जश्न में शामिल दोस्तों ने ही मोबाइल से शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसके बाद यह वायरल हो गया और अब इस पर जमकर चर्चा हो रही है।

सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस लगातार सड़क पर जन्मदिन मनाने, आतिशबाजी करने और खतरनाक स्टंट करने वालों पर चालानी कार्रवाई कर रही है — तब एक जिम्मेदार सरकारी डॉक्टर का ऐसा कृत्य क्या कानून को खुली चुनौती नहीं है?


हाल ही में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने भी इस तरह के सार्वजनिक उत्पात, सड़क पर जश्न और स्टंटबाजी पर सख्त टिप्पणी करते हुए पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, ऐसे मामलों में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा।

पुलिस प्रशासन और कोर्ट के आदेशों के बाद भी लोग सोशल मीडिया पर फेमस होने या ‘भाईगिरी’ दिखाने के लिए कानून को ताक पर रखकर सड़कों पर उत्पात मचाने से बाज नहीं आ रहे।

अब देखना यह होगा कि क्या इस बार भी केवल जांच की बात होगी, या हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना करने पर जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।

सड़क जनता की है, जश्न के लिए नहीं — फिर भी सड़कों पर चल रहा ‘आ बला पकड़ गला’ का सिलसिला!

पिछले कई रिकॉर्ड हम आपको दिखाएंगे जिसपर हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है....

रायपुर में मेयर के बेटे ने तोड़ा कानून। 

DSP की पत्नी का नीली बत्ती वाली कार पर स्टंट।

रईसजादों ने हाईवे पर रोकी 8-10 लग्जरी कारें, NH जाम किया

रायपुर के आमानाका पुलिस ने करणवीर सिंह को मुख्य आरोपी बनाया है। बीच सड़क पर केक काटा और आतिशबाजी की।

कांग्रेस नेता ने बीच सड़क काटा केक

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में तलवार से केक काटने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

रायपुर में रईसजादों की स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें 15-20 कारों का काफिला 3 थानों को होकर गुजरा था।

हाईकोर्ट ने जनहित याचिका मानकर स्वत: संज्ञान लिया।

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्टंटबाजी, बर्थ-डे सेलिब्रेशन और केक कटिंग के इन मामलों पर स्वत: संज्ञान लेकर राज्य शासन से जवाब मांगा था। हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद शासन की ओर से जवाब प्रस्तुत करते हुए कहा गया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और स्टंट में शामिल गाड़ियों को जब्त किया है।

इसके साथ ही कार मालिकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफ़ारिश भी की गई। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा के नजरिए से की गई ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। ऐसे मामलों में गाड़ियों के मालिकों की पहचान करने के साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

हाईकोर्ट की चेतावनी- युवाओं को मिले सख्त सजा


Post a Comment

0 Comments

Top Post Ad