अवैध विद्युत हुकिंग पर प्रशासन का कड़ा रुख, पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति तेज करने के निर्देश
मुंगेली
जिला प्रशासन ने अवैध विद्युत हुकिंग पर सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश देते हुए इसे जन-धन की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक लेकर प्रगति का आकलन किया।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों एवं विद्युत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जनपदवार प्रगति पर चर्चा करते हुए सभी जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों से अधिक से अधिक आवेदन भरवाए जाएं और उन्हें योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए। लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने हेतु नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अवैध हुकिंग पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान अवैध विद्युत हुकिंग के मामलों की भी ब्लॉकवार जानकारी ली गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और विद्युत विभाग संयुक्त अभियान चलाकर अवैध हुकिंग पर तत्काल रोक लगाएं। चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि अवैध विद्युत हुकिंग कानूनन अपराध है और इससे शासन को राजस्व हानि के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
बैठक में यह भी कहा गया कि अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित किया जाए तथा जनजागरूकता के माध्यम से लोगों को विधिक परिणामों से अवगत कराया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर
निष्ठा पांडे तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडे, संबंधित एसडीएम, जनपद सीईओ, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता नंदराम भगत, बैंक प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस न्यूज़ के प्रयोजक हैं ANSHIKA UDYOG


Post a Comment
0 Comments