बिलासपुर में तालाब खुदाई के दौरान मिला प्राचीन स्नान घाट, छतौना में उमड़ी लोगों की भीड़
बिलासपुर/तखतपुर | दुलाल मुखर्जी
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम छतौना में उस समय लोगों में उत्साह और कौतूहल का माहौल बन गया, जब जूनी तालाब की सफाई और गहरीकरण कार्य के दौरान जमीन के भीतर से एक प्राचीन सीढ़ीदार स्नान घाट (पचरी) और कुंडनुमा संरचना निकलकर सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार खुदाई के दौरान दिखाई दी यह संरचना करीब 40 फीट लंबी और 15 फीट चौड़ी बताई जा रही है। पत्थरों और सीढ़ीनुमा बनावट को देखकर स्थानीय लोग इसे ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का स्थल मान रहे हैं। खोज की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे। कई ग्रामीणों ने वहां पूजा-अर्चना शुरू कर दी है। लोगों का मानना है कि यह स्थान किसी प्राचीन कालीन जल संरचना या धार्मिक स्थल का हिस्सा हो सकता है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस प्रकार की किसी संरचना के बारे में नहीं सुना था। अचानक तालाब की खुदाई में इतनी विशाल पचरी और कुंड निकलना पूरे क्षेत्र के लिए आश्चर्य का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुरातत्व विभाग से मांग की है कि स्थल का वैज्ञानिक तरीके से सर्वेक्षण कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि यह ऐतिहासिक धरोहर साबित होती है तो इसे संरक्षित घोषित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। फिलहाल यह खोज क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे इतिहास से जुड़ा एक बड़ा संकेत मान रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या छतौना की धरती के नीचे इतिहास का कोई अनकहा अध्याय दफन है?
अपनी राय कमेंट कर जरूर बताएं।


Post a Comment
0 Comments