भूमाफियाओं ने खुद तोड़ा पुल पर बना बाउंड्रीवाल, जाँच में पहुंचे अंचल निरीक्षक व अमीन, विवादित जमीन को बताया रैयती



कतरास: 13-04-2025
बाघमारा प्रखण्ड के जमुआटाँड़ पंचायत के खमारगोड़ा बस्ती में कतरी नदी पर बने पुल और पुल के एक छोर पर बने बाउंड्रीवाल का विवाद गहराता जा रहा है। कुछ दिन पूर्व ही भूमाफियाओं ने नवनिर्मित पुल के एक छोर पर बाउंड्रीवाल करके पुल पर कब्जा कर लिया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कब्जा वाला  खबर वायरल होने के बाद बीती रात भूमाफियाओं ने स्वयं ही बाउंड्रीवाल गिरा दिया। इधर खबर का असर होने पर अधिकारियों की कुम्भकर्णी निद्रा टूटी। रविवार को हल्का 5 के कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक बाघमारा बिनोद सिन्हा एवं अंचल अमीन पैकु टुडू नवनिर्मित पुल पर कब्जा कर बनाये गए बाउंड्रीवाल के निरीक्षण में आये तथा उक्त विवादित प्लॉट की मापी की। मापी के उपरांत अंचल निरीक्षक ने बिनोद सिन्हा ने बताया कि पुल का निर्माण सरकारी जमीन पर हुआ है किंतु पुल के दूसरे छोर पर जो बाउंड्रीवाल किया गया है वो ऑनलाईन के अनुसार रैयती जमीन है। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी मौखिक रूप से अंचल अधिकारी बाघमारा को दे दी गई है।                 
    क्या ग्रामीणों के उम्मीदों पर फिरेगा पानी, पुल के भविष्य पर उठा सवाल 

मामला यहीं खत्म नही होता है। अब सवाल यह उठता है कि अब खमारगोड़ा के हज़ारों ग्रामीणों का क्या होगा जिनको इस पुल से कई उम्मीद जगे थे। अगर पुल पर आना जाना नही होगा तो क्या पुल को तोड़ दिया जायेगा? क्या पुल निर्माण के दोषी सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की जायेगी? आखिर जनता का पैसा पानी की तरह बर्बाद करने का अधिकार जिम्मेदार अधिकारियों को किसने दिया? अब देखना है कि पुल रहेगा या टूटेगा, इस पर अधिकारी क्या निर्णय लेंगे?   हालांकि अभी कई सवालों का उठना बाकी है। फिलहाल पुल के भविष्य को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments