Type Here to Get Search Results !

निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण, धीमी प्रगति पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगाई फटकार

  निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण, धीमी प्रगति      पर  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगाई फटकार 


बरसात से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश, ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी



मुंगेली जिले के लोरमी प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने ग्राम कारीडोंगरी और दरवाजा के मध्य मनियारी नदी पर निर्माणाधीन पुल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात से पहले हर हाल में पुल का निर्माण पूर्ण किया जाए।

उप मुख्यमंत्री साव ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं होने पर असंतोष जताते हुए कहा कि पुल का निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था। उन्होंने कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और निर्माण की गति तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी कि केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर ठेकेदार पर पेनाल्टी भी लगाई जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

 साव ने विभागीय अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना है और शासन की प्राथमिकता है कि इसे शीघ्र पूर्ण कर ग्रामीणों को समर्पित किया जाए।

उल्लेखनीय है कि मनियारी नदी पर पुल के अभाव में बरसात के मौसम में वनांचल क्षेत्र के अनेक गांवों का संपर्क टूट जाता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पुल निर्माण पूर्ण होने पर कारीडोंगरी, दरवाजा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Post a Comment

0 Comments

POWER NEWS 24 BHARAT™

“आपकी आवाज़, आपकी खबर — हर सच के साथ”


समाचार एवं विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें

📲 WhatsApp: 7739000835
Call: 9953763334 | +91 97526 08004
Email: powernews24.live@gmail.com


🏢 प्रधान कार्यालय:
पुराना बस स्टैंड, बिलासपुर (छ.ग.)
पिन – 495112

📰 🎥 📡 📢