नगर निगम बिलासपुर का बड़ी घटना को न्योता मंगला–सकरी मार्ग पर लापरवाही: सड़क पर पड़ी टहनियों से हादसे का खतरा
POWER NEWS 24 BHARAT 🔴 🟡 🟢 🔵 🟣 🟤
बिलासपुर। शहर के मंगला से सकरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले दो दिनों से सड़क पर पेड़ की कटाई के बाद छोड़ी गई टहनियां अब गंभीर खतरे का कारण बनती जा रही हैं। नगर निगम द्वारा पेड़ की छंटाई तो कर दी गई, लेकिन कटे हुए डाली और टहनियों को हटाने की जिम्मेदारी अब तक पूरी नहीं की गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग शहर के व्यस्ततम रास्तों में से एक है, जहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया और पैदल लोगों का आवागमन लगा रहता है। सड़क के बीचों-बीच पड़ी टहनियों के कारण वाहन चालकों को अचानक रास्ता बदलना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है, जब दृश्यता कम होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दो दिन बीत जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से सफाई या हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार क्यों कर रहा है।
यदि समय रहते इन टहनियों को नहीं हटाया गया, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि तत्काल प्रभाव से सड़क को साफ कराया जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
लापरवाही चरम पर! जिम्मेदार कौन – हादसे का इंतजार या खुला न्योता?




Post a Comment
0 Comments