मुंगेली के दाऊपारा चौक में आवारा मवेशियों से लगा जाम, सड़क सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
मुंगेली:15 जुलाई 2026
शहर के व्यस्ततम दाऊपारा चौक पर बुधवार को एक बार फिर आवारा मवेशियों के सड़क पर बैठे रहने के कारण यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के बीचों-बीच मवेशियों के जमावड़े से वाहनों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और मवेशियों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। दाऊपारा चौक सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रोजाना आवारा मवेशियों का जमावड़ा देखने को मिलता है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
शहरवासियों का सवाल है कि आखिर इन मवेशियों के लिए स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है। क्या नगर प्रशासन, गौ संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं या संबंधित विभाग के पास इन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की कोई योजना नहीं है? यदि इन मवेशियों के मालिक हैं, तो उनके खिलाफ जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई क्यों नहीं की जाती?
बार-बार सामने आ रही इस समस्या ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का मानना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
अब देखना होगा कि नगर प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या पहल करते हैं।





Post a Comment
0 Comments