बिलासपुर : NHM कर्मचारियों की हड़ताल 15वें दिन भी जारी, शहरी अस्पतालों में ताला
डॉक्टर्स भी शामिल, स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 15वें दिन भी जारी रही। शहरी शासकीय अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स ने भी आंदोलन का साथ दिया, जिससे कर्मचारियों की संख्या और बढ़ गई है।
सरकारी आदेश के बाद भी कर्मचारी नहीं लौटे ड्यूटी पर
शासन और सीएमएचओ के आदेश के बावजूद हड़ताली कर्मचारी ड्यूटी जॉइन करने तैयार नहीं हैं। आज न्यूज़ नेशन और न्यूज़ 18 चैनलों ने हड़ताल का लाइव कवरेज किया, जिसमें संविदा कर्मियों ने अपनी समस्याओं और शासन की उपेक्षा को उजागर किया।
शहर के कई डॉक्टर हड़ताल में शामिल
आज हड़ताल में बिलासपुर शहर के कई स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टर शामिल रहे —
- डॉ. चिरंजीवी चंद्राकर – गांधी चौक अस्पताल
- डॉ. आकांक्षा झा – राजकिशोर नगर
- डॉ. गौरव यादव – आयुष्मान आरोग्य मंदिर खपरगंज
- डॉ. निलय तिवारी – सिम्स
- डॉ. यश अग्रवाल – जिला अस्पताल
- डॉ. मल्लिकार्जुन राव – मेंटल अस्पताल सेंदरी
- डॉ. सवि शुक्ला – कस्तुरबा नगर
- डॉ. आशा कुर्रे – गांधी चौक अस्पताल
- डॉ. साहेबा नाज़ – शंकर नगर
- डॉ. हिमांशु कौशिक – बंधवा पारा अस्पताल
साथ ही डॉ. राजीव किशोर, डॉ. पूर्वी, डॉ. अभिषेक और डॉ. दीक्षा भी हड़ताल में शामिल रहे।
जिलेभर की स्वास्थ्य सेवाएं ठप
लगातार हड़ताल से जिला अस्पताल, सभी PHC, CHC, हेल्थ सब-सेंटर, CIMS और मानसिक चिकित्सालय की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।
18 अगस्त से जारी हड़ताल के कारण —
- OPD, शल्य क्रिया और आपातकालीन सेवाएं बाधित
- टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीयन और मातृत्व सेवाएं ठप
- ग्रामीण क्षेत्रों के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पूरी तरह बंद
- मलेरिया, टीबी, महामारी रिपोर्टिंग प्रभावित
बरसात के मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार और उल्टी-दस्त के मरीजों की भीड़ होने के बावजूद उपचार नहीं मिल पा रहा है। मजबूरन लोग निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।
कर्मचारियों का ऐलान – "नियमितिकरण तक जारी रहेगी हड़ताल"
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने कहा, “अगर सरकार नींद से नहीं जागी तो हड़ताल नियमितिकरण तक जारी रहेगी।”
विधायक ने दिया समर्थन
कल बेलतरा विधायक माननीय सुशांत शुक्ला भी हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन देने धरना स्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने फोन पर बातचीत में कर्मचारियों की सभी मांगों को जायज ठहराते हुए भाजपा के घोषणा पत्र का हवाला देकर पूरा समर्थन जताया।


0 Comments